नीरू ढांडा ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर बना दिया बड़ा रिकॉर्ड
ASIAN GAMES 2026. एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए मंगलवार का दिन बेहद खास रहा। भारत की 26 वर्षीय निशानेबाज नीरू ढांडा ने महिला ट्रैप की व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। नीरू एशियन गेम्स में महिला ट्रैप या स्कीट की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बन गई हैं। जापान के आइची-नागोया में जारी एशियन गेम्स में नीरू ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 28 का स्कोर किया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने न केवल गोल्ड मेडल अपने नाम किया, बल्कि नया एशियाई रिकॉर्ड भी कायम कर दिया। इससे पहले इस स्पर्धा का एशियाई रिकॉर्ड 24 का था।

एक ही दिन जीते दो मेडल
नीरू ढांडा के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने इसी दिन महिला ट्रैप टीम इवेंट में भी भारत को सिल्वर मेडल दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। नीरू, आशिमा अहलावत और मनीषा कीर की भारतीय टीम ने कुल 328 का स्कोर किया और दूसरे स्थान पर रही। चीन की टीम ने 329 के स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि कुवैत को 325 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मिला। इसके बाद व्यक्तिगत स्पर्धा में नीरू ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखा और भारत की झोली में गोल्ड डाल दिया।
फाइनल में नीरू का दबदबा
महिला ट्रैप के फाइनल में नीरू ढांडा ने 28 का स्कोर किया। चीन की सन युनोंग 26 के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल जीतने में सफल रहीं, जबकि हजर अब्दुलमलिक ने 21 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। फाइनल से पहले भी नीरू का प्रदर्शन शानदार रहा था। क्वालिफिकेशन राउंड में उन्होंने कतर की रे बासिल के साथ 118 का स्कोर किया और संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहीं। इस दौरान उन्होंने एशियन गेम्स का नया क्वालिफिकेशन रिकॉर्ड भी बनाया। आशिमा अहलावत क्वालिफिकेशन में 16वें और मनीषा कीर 23वें स्थान पर रहीं, इसलिए दोनों फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।
वर्ल्ड कप में भी जीत चुकी हैं गोल्ड
नीरू ढांडा का यह साल लगातार शानदार उपलब्धियों से भरा रहा है। जुलाई 2026 में इटली के लोनाटो में हुए ISSF शॉटगन वर्ल्ड कप में उन्होंने महिला ट्रैप स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था। वह इस इवेंट में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनी थीं।इसके अलावा नीरू ने एशियन शूटिंग चैंपियनशिप 2025 में भी गोल्ड मेडल जीता था। 2026 में ISSF वर्ल्ड कप की मिक्स्ड टीम स्पर्धा में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल भी हासिल किया।
रणधीर सिंह और रोंजन सोढ़ी की सूची में शामिल हुईं नीरू
एशियन गेम्स में भारत के लिए व्यक्तिगत ट्रैप में गोल्ड जीतने वाले निशानेबाजों की सूची में अब नीरू ढांडा का नाम भी जुड़ गया है। 1978 के एशियन गेम्स में रणधीर सिंह ने पुरुषों की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता था। इसके बाद 2010 में रोंजन सोढ़ी ने पुरुषों की डबल ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया था। अब नीरू ने महिला ट्रैप में गोल्ड जीतकर भारतीय निशानेबाजी के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। खास बात यह है कि एशियन गेम्स में इससे पहले किसी भारतीय महिला ट्रैप या स्कीट निशानेबाज ने व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक नहीं जीता था।
पुरुष ट्रैप टीम मेडल से चूकी
महिला ट्रैप में भारत की सफलता के बीच पुरुष टीम के लिए दिन निराशाजनक रहा। भारत की टीम 10 टीमों में छठे स्थान पर रही। शपथ भारद्वाज, कायनान चेनाई और अहवर रिजवी की भारतीय टीम ने कुल 339 का स्कोर किया। हालांकि, शपथ भारद्वाज ने व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली। शूट-ऑफ में उन्होंने मोहम्मद अल-रुमैही को पीछे छोड़ते हुए फाइनल की आठवीं और आखिरी जगह हासिल की।पुरुषों के ट्रैप टीम इवेंट में कुवैत ने 355 के स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि कतर ने सिल्वर और कजाखस्तान ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
नीरू ढांडा की ऐतिहासिक जीत ने एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजी के अभियान को एक बड़ी उपलब्धि दी है। टीम इवेंट में सिल्वर के बाद व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड जीतकर नीरू ने एक ही दिन दो मेडल अपने नाम किए और भारतीय महिला ट्रैप शूटिंग के इतिहास में नया रिकॉर्ड कायम कर दिया।