HARDOI NEWS. उत्तर प्रदेश के हरदोई से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां इंस्ट्राग्राम के जरिए शुरू हुई दोस्ती के बाद मंदिर में शादी करने वाले युवक के साथ मारपीट और अभद्रता की गई। आरोप है कि युवक को धोखे से गांव बुलाया गया और इसके बाद उसके साथ घंटों तक मारपीट की गई। इतना ही नहीं, उसका आधा सिर और आधी मूंछ मुंड दी गई और गले में जूतों की माला पहना दी गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक हाथ जोड़कर रोता और रहम की गुहार लगाता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आठ दिन की बातचीत के बाद मंदिर में हुई शादी
मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के डडोस कुसमरा गांव निवासी नरेंद्र के मुताबिक, उसकी पहचान Instagram के जरिए सोनिया यादव से हुई थी। दोनों के बीच करीब आठ दिन तक बातचीत हुई।इसके बाद सोनिया उससे मिलने कन्नौज के गौरीघाट पहुंची। नरेंद्र का दावा है कि वह सोनिया को अपने साथ गुरुग्राम ले गया, जहां करीब दो दिन बाद दोनों ने मंदिर में शादी कर ली। परिवार की नाराजगी के बावजूद दोनों करीब ढाई साल तक साथ रहे। नरेंद्र ऑटो चलाता था और उसके मुताबिक इस दौरान उसने सोनिया के साथ रहने का खर्च भी उठाया। बाद में नरेंद्र को पता चला कि सोनिया पहले से शादीशुदा थी और उसके बच्चे भी हैं।
महिला के पहले से दो विवाह होने का दावा
नरेंद्र के मुताबिक, सोनिया की पहली शादी से तीन बच्चे हैं। इसके बाद उसने खुर्रमपुरवा निवासी मुन्ना यादव से दूसरी शादी की, जिससे उसके छह बच्चे हुए। नरेंद्र के दावे के मुताबिक सोनिया के कुल नौ बच्चे हैं। हालांकि, इन दावों की पुष्टि पुलिस जांच के जरिए होना बाकी है। नरेंद्र का कहना है कि जुलाई 2026 में सोनिया की तबीयत खराब हुई तो उसके कहने पर वह उसे गौरीघाट छोड़ आया। इसके बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। उसने दावा किया कि दोनों गुरसहायगंज के एक होटल में तीन-चार बार मिले और सोनिया ने अलग-अलग मौकों पर उससे करीब 40 हजार रुपये भी लिए।
मोबाइल चेक करने के बाद हुआ विवाद
नरेंद्र के अनुसार, 25 सितंबर को वह बहादुरगढ़ से गुरसहायगंज पहुंचा और सोनिया से मिला। इसी दौरान उसने सोनिया का मोबाइल चेक किया। नरेंद्र का आरोप है कि मोबाइल में किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत की जानकारी मिलने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान करीब पांच महीने की गर्भावस्था और उसे लेकर गर्भपात कराने की बात भी सामने आई। नरेंद्र ने बताया कि गुस्से में उसने सोनिया को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद घटनाक्रम ने कथित तौर पर गंभीर रूप ले लिया।
गांव बुलाया और फिर शुरू हुआ अत्याचार
नरेंद्र का आरोप है कि इसके बाद सोनिया उसे खुर्रमपुरवा गांव लेकर गई। वहां उसे मुन्ना यादव के घर पर रिश्तेदार बताकर ठहराया गया। आरोप है कि बाद में मुन्ना को नरेंद्र और सोनिया के संबंधों के बारे में जानकारी हुई। इसके बाद सोनिया और मुन्ना ने मिलकर नरेंद्र को पकड़ लिया। नरेंद्र के मुताबिक, उसके सिर के आधे बाल कैंची और उस्तरे से मुंड दिए गए। उसकी आधी मूंछ भी काट दी गई। इसके बाद उसके गले में जूतों की माला पहना दी गई। आरोप है कि उसे घंटों तक बंधक बनाकर रखा गया और इस दौरान पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया।
हाथ जोड़कर रोता रहा युवक, वीडियो हुआ वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। वायरल वीडियो में युवक के सिर का आधा हिस्सा मुंडा हुआ दिखाई देता है। उसके गले में जूतों की माला नजर आ रही है और वह हाथ जोड़कर लोगों से रहम की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि घटना 27 सितंबर को हुई थी और वीडियो 28 सितंबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपियों की तलाश
हरपालपुर के क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार के मुताबिक, घटना 27 सितंबर की है। पुलिस के अनुसार थाना अरवल क्षेत्र के ग्राम गंगपुर में नरेंद्र और एक महिला के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। सीओ के मुताबिक, इसी विवाद के बाद महिला के परिजनों ने नरेंद्र के साथ मारपीट और अभद्रता की। पुलिस के अनुसार नरेंद्र ने महिला को पहले से परिचित बताया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
HARDOI NEWS आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने कहा है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है और मामले में आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।