DHAMTARI NEWS. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में इन दिनों बाढ़ के हालात बने हुए हैं। गंगरेल बांध के 14 गेट खोले जाने के बाद महानदी समेत आसपास के नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। इसी बीच कुरूद ब्लॉक के नारी इलाके से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया है। नारी में बाढ़ के पानी के बीच शराब की बोतलें बहती नजर आईं, जिसके बाद इन्हें पकड़ने के लिए ग्रामीणों की भीड़ पुल पर जमा हो गई। तेज बहाव के बावजूद लोग पानी में बहकर आ रही बोतलों को पकड़ने की कोशिश करते दिखाई दिए।
मछली पकड़ने के फंदे और कैरेट से शराब पकड़ने का जुगाड़
बताया जा रहा है कि बाढ़ का पानी नारी स्थित शराब दुकान में घुस गया था। दुकान में रखी शराब की बोतलें पानी में तैरने लगीं और बहाव के साथ आगे जाने लगीं। जैसे ही इलाके में पानी के साथ शराब की बोतलें बहने की खबर फैली, बड़ी संख्या में लोग नारी पुल के आसपास पहुंच गए। बोतलें पकड़ने के लिए किसी ने मछली पकड़ने वाले फंदे का इस्तेमाल किया तो किसी ने प्लास्टिक की कैरेट को ही जुगाड़ बनाकर पानी में डाल दिया। देखते ही देखते पुल के आसपास सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई और हर कोई बहती हुई बोतल को पकड़ने की कोशिश करता नजर आया।
एक दिन पहले पहुंची थी शराब की खेप
जानकारी के मुताबिक, आबकारी विभाग की ओर से नारी की शराब दुकान में बाढ़ आने से एक दिन पहले ही शराब की खेप पहुंचाई गई थी। इसके बाद अचानक बाढ़ का पानी दुकान में घुस गया। बड़ी मात्रा में शराब पानी के साथ बह जाने की वजह से आबकारी विभाग को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक राशि कितनी है, इसका अभी आधिकारिक आकलन सामने नहीं आया है।
तेज बहाव के बीच भी जुटी रही भीड़
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल लोगों की सुरक्षा को लेकर भी उठ रहा है। महानदी और आसपास के जलस्रोतों में पानी का बहाव तेज होने के बावजूद ग्रामीण शराब की बोतलें पकड़ने के लिए पुल पर जमा रहे। ऐसे में अगर कोई व्यक्ति तेज बहाव की चपेट में आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों को बाढ़ के पानी से दूर रखने के लिए जिम्मेदार अमले की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल नारी पुल पर बाढ़ के पानी में शराब की बोतलें पकड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं आबकारी विभाग की ओर से शराब के नुकसान का आकलन किए जाने की बात सामने आ रही है।