KHAIRAGARH NEWS. छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) जिले में एक बड़ा हादसा टल गया। गंडई क्षेत्र के दनिया पुल पर तेज बहाव के बीच रायपुर और भिलाई से आए पांच लोगों की कार पानी में बह गई। कार के पानी में फंसने के बाद उसमें सवार लोग किसी तरह पेड़ के सहारे टिके रहे और मदद के लिए 112 पर कॉल किया। सूचना मिलते ही गंडई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रात के अंधेरे व तेज बहाव के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना शनिवार देर रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है।
स्टॉपर तोड़कर पुल पर पहुंची कार
पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर को हुई भारी बारिश के कारण इलाके की नदी-नालियां उफान पर हैं। दनिया पुल पर भी बाढ़ का पानी तेजी से बह रहा था। इसी वजह से सुरक्षा के मद्देनजर पुल पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी और रास्ते को रोकने के लिए स्टॉपर लगाए गए थे।
इसी दौरान रायपुर की तरफ से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार (CG 04 PV 5636) के चालक ने कथित तौर पर स्टॉपर को टक्कर मार दी। पुल के दूसरे छोर पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने चालक को आगे नहीं जाने की चेतावनी दी, लेकिन कार तेज बहाव वाले पानी में चली गई। कुछ ही देर में पानी के तेज बहाव के कारण कार सड़क से बहकर नदी के बीच फंस गई। कार में मौजूद पांचों लोग घबरा गए और मदद के लिए आवाज लगाने लगे।
112 पर मांगी मदद, मौके पर पहुंची पुलिस
मुश्किल हालात में फंसे लोगों ने 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी शिव शंकर गेदले अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रात का अंधेरा, तेज बारिश और नदी का तेज बहाव रेस्क्यू टीम के लिए बड़ी चुनौती था। पुलिसकर्मियों ने सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कार में फंसे पांचों लोगों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गंडई ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस के अनुसार सभी लोग सुरक्षित हैं।
कान्हा किसली घूमने जा रहे थे पांचों
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि कार में सवार पांचों लोग रायपुर और भिलाई के रहने वाले हैं। सभी मध्य प्रदेश के कान्हा किसली घूमने के लिए जा रहे थे। कार कुबेर साहू चला रहे थे। रेस्क्यू किए गए लोगों की पहचान इस प्रकार हुई:
-
कमलेश साहू (25), गुढ़ियारी, रायपुर
-
कुबेर साहू (25), कृष्णा नगर, गुढ़ियारी, रायपुर
-
निहाल सक्सेना (21), कृष्णा नगर, गुढ़ियारी, रायपुर
-
महक कौर (21), कैंप-02, पावर हाउस, भिलाई
-
प्रीति रात्रे (20), कैंप-01, रामनगर, भिलाई
तेज बहाव के बीच पुलिस ने चलाया रेस्क्यू
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है और कई जगह तेज बहाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण पांचों लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।