RAIPUR NEWS. रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर और उनके भाई अनवर ढेबर का नाम लेकर 50 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। ढेबर परिवार के एक कर्मचारी के मोबाइल पर 20 सितंबर को कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने धमकी मिलने और केस दर्ज होने की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार कर्मचारी को आए फोन में कॉलर ने एजाज और अनवर ढेबर का नाम लिया। इसके बाद 50 करोड़ रुपए देने की मांग की। कर्मचारी ने इसकी जानकारी ढेबर परिवार को दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत की गई।
पुलिस और साइबर टीम कॉल से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। मोबाइल नंबर, कॉल डिटेल और लोकेशन खंगाली जा रही है। फिलहाल यह पुष्टि नहीं हुई है कि कॉल वास्तव में बिश्नोई गैंग से जुड़ा था। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि किसी ने गैंग का नाम इस्तेमाल कर डराने और रंगदारी वसूलने की कोशिश तो नहीं की।
बता दें कि 13 जुलाई 2024 को अमन साव गैंग के दो शूटरों ने पीआरए कंस्ट्रक्शन कारोबारी की कार पर दो राउंड फायरिंग की थी। पुलिस उसे झारखंड से रायपुर लाई थी। कोरबा रंगदारी और बिश्नोई गैंग से संबंध को लेकर भी पूछताछ हुई। बाद में झारखंड ले जाते समय पलामू में मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई।