SONIPAT NEWS: हरियाणा के सोनीपत से पालतू कुत्ते के हमले का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां गली में अपनी बुआ की गोद में घूम रही 6 महीने की मासूम बच्ची पर पड़ोस के घर से निकले पिटबुल ने अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची के चेहरे, पेट समेत शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह काट लिया। बच्ची को बचाने की कोशिश में उसकी बुआ भी घायल हो गई।
परिजनों के मुताबिक, बच्ची अपनी बुआ की गोद में थी और दोनों घर के बाहर गली में घूम रही थीं। इसी दौरान पड़ोसी के घर का पालतू कुत्ता अचानक बाहर निकला और दोनों पर झपट पड़ा। हमले के दौरान कुत्ते ने बच्ची को कई जगह काट लिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह बच्ची और उसकी बुआ को कुत्ते से बचाया गया।
दिल्ली से रोहतक PGI रेफर हुई मासूम
घटना के तुरंत बाद परिजन दोनों घायलों को सोनीपत के अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। हालांकि, परिवार का कहना है कि दिल्ली में इलाज का खर्च काफी अधिक बताया गया। आर्थिक परेशानी के चलते परिजन बच्ची को वापस लेकर आए और बाद में उसे रोहतक स्थित PGI में भर्ती कराया।
फिलहाल मासूम का इलाज PGI रोहतक में चल रहा है। वहीं, बच्ची को बचाने के दौरान घायल हुई उसकी बुआ का इलाज सोनीपत के एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है।
दादी का आरोप- पहले मदद की, बाद में खर्च से पीछे हटे
बच्ची की दादी का आरोप है कि घटना के बाद कुत्ते के मालिक ने शुरुआत में इलाज के लिए आर्थिक मदद की थी, लेकिन बाद में इलाज का खर्च उठाने से पीछे हट गए। परिवार के मुताबिक, बच्ची के इलाज में लगातार खर्च हो रहा है और उसे आगे भी लंबे समय तक उपचार की जरूरत पड़ सकती है।
परिवार अब मांग कर रहा है कि बच्ची के अब तक हुए इलाज का खर्च कुत्ते के मालिक की ओर से दिया जाए। साथ ही, आगे होने वाले इलाज में भी आर्थिक सहायता की जाए।
पालतू कुत्तों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद रिहायशी इलाकों में पालतू कुत्तों को रखने और उन्हें नियंत्रित करने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। परिवार का कहना है कि पालतू कुत्तों को लेकर लापरवाही बरती गई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं गंभीर हादसों में बदल सकती हैं।
हरियाणा की एक कॉलोनी में छह महीने के मासूम बच्चे पर हुए भयावह कुत्ते के हमले की खबर बेहद पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएँ बच्चे और उसके परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि बच्चा शीघ्र स्वस्थ हो।
मैं इस गंभीर समस्या को लेकर पहले भी कई बार अपनी चिंता व्यक्त कर चुका हूँ। ऐसी… pic.twitter.com/BaGmbj00j5
— Vijay Goel (@VijayGoelBJP) September 18, 2026