BILASPUR NEWS. बिलासपुर से प्रयागराज होते हुए दिल्ली जा रही अलायंस एयर की फ्लाइट 9I698 में शुक्रवार दोपहर हवा में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। मेरठ के आसपास पहुंचने पर विमान के एक इंजन में समस्या और फ्यूल लीक का पता चला। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत दिल्ली एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। पायलट की सूचना मिलते ही दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आपात स्थिति घोषित कर दी गई। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए रनवे पर दमकल की गाड़ियां, एंबुलेंस और अन्य जरूरी इमरजेंसी व्यवस्थाएं तैनात कर दी गईं।
करीब 2:15 बजे सुरक्षित उतरा विमान
फ्लाइट ने शुक्रवार दोपहर करीब 12:33 बजे प्रयागराज से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। मेरठ के पास पहुंचने पर पायलट को बाएं इंजन में तकनीकी समस्या का पता चला। इसके बाद उन्होंने स्थिति को संभालते हुए दिल्ली में विमान उतारने का फैसला किया। करीब 2:15 बजे विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार क्रू मेंबर्स समेत सभी 40 लोग सुरक्षित हैं।
DGCA ने दिए जांच के आदेश
घटना के बाद विमानन नियामक DGCA ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि इंजन में तकनीकी खराबी और फ्यूल लीक की वजह क्या थी।
यह विमान बिलासपुर-प्रयागराज-दिल्ली रूट पर संचालित होता है। शुक्रवार सुबह 10:45 बजे फ्लाइट बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुई थी और करीब 11:58 बजे प्रयागराज पहुंची। कुछ देर रुकने के बाद विमान ने दोपहर 12:33 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी।
15 दिन में Alliance Air की दूसरी बड़ी तकनीकी घटना
Alliance Air के विमान से जुड़ी यह करीब दो सप्ताह में दूसरी गंभीर तकनीकी घटना है। इससे पहले 28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर पहुंची Alliance Air की फ्लाइट 9I613 की बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान बाईं ओर का टायर फट गया था। हालांकि उस घटना में भी बड़ा हादसा टल गया था। अब फ्लाइट 9I698 में इंजन की तकनीकी समस्या और फ्यूल लीक की घटना के बाद विमान की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।