अस्पताल से लौट आई थी हाई रिस्क गर्भवती, स्वास्थ्य विभाग ने दिखाई तत्परता; महिला ने दिया 3 स्वस्थ बच्चों को जन्म
BALRAMPUR NEWS: जिले के दूरस्थ और आदिवासी बहुल इलाकों में जरूरतमंद मरीजों तक समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की स्वास्थ्य विभाग की कोशिश का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। राजपुर विकासखंड की अति-जोखिम वाली गर्भवती पहाड़ी कोरवा महिला बसंती ने तीन स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया है।
जानकारी के मुताबिक, बसंती किसी कारणवश जिला अस्पताल अंबिकापुर से बिना उपचार कराए अपने गांव लौट आई थीं। इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को मिलते ही मैदानी अमला सक्रिय हुआ और महिला को तत्काल चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू की गई।
मितानिन से लेकर एंबुलेंस टीम तक जुटी
महिला की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कर्मचारियों, मितानिन, 102 एंबुलेंस टीम और अस्पताल के चिकित्सकों के बीच समन्वय स्थापित किया गया। सभी के त्वरित प्रयासों से महिला को समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई गई।
इसके बाद बसंती ने तीन स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया। वर्तमान में मां और तीनों नवजात शिशु स्वस्थ हैं और चिकित्सकों की निगरानी में रखे गए हैं।
हाई रिस्क प्रेग्नेंसी में समय पर इलाज जरूरी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि अति-जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, नियमित निगरानी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल रेफरल बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित मातृत्व की सुविधा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने इस मामले में स्वास्थ्य अमले, मितानिन, एंबुलेंस टीम और चिकित्सकों के बीच हुए बेहतर समन्वय की सराहना की।