JASHPUR NEWS. जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां महज तंबाकू मांगने की बात को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय युवक पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मामला ग्राम डोभा का है। जानकारी के मुताबिक, मृतक उमेश राम 28 अगस्त की रात करीब 9 बजे गांव गया था। इसी दौरान उसने गांव के ही रुस्तम से तंबाकू मांगा। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
सिर पर रॉड से हमला, गंभीर हालत में अस्पताल रेफर
परिजनों के मुताबिक, विवाद के दौरान रुस्तम ने उमेश के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले के बाद उमेश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। सूचना मिलने पर परिजन उसे सन्ना अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने अंबिकापुर रेफर कर दिया। परिजन उसे अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर करने की सलाह दी। हालांकि, आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण परिजन उसे रायपुर नहीं ले जा सके और वापस घर ले आए।
इलाज के पैसों को लेकर भी लगाए गंभीर आरोप
मामले में मृतक के परिजनों ने आरोपी के पिता पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि उन्होंने उमेश के इलाज के लिए आरोपी के पिता से आर्थिक मदद मांगी थी। आरोप है कि उन्हें कथित तौर पर कहा गया कि यदि थाने में शिकायत दर्ज कराई गई तो इलाज के लिए पैसे नहीं दिए जाएंगे।परिजनों का कहना है कि इसी वजह से उन्होंने उस समय पुलिस में शिकायत नहीं की। बाद में उमेश की हालत बिगड़ने पर उन्होंने दोबारा इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगी, लेकिन कथित तौर पर कोई मदद नहीं मिली।
इलाज के दौरान हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी
इसके बाद उमेश को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। अपराध दर्ज कर केस डायरी जशपुर जिले के संबंधित थाने को भेजी गई है। पुलिस अब मारपीट की घटना, इलाज में देरी और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।