RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार को मानसून ने एक बार फिर जोरदार दस्तक दी। दिनभर काले बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। तेज बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन शहर की जल निकासी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई। बारिश के बाद कई प्रमुख सड़कों और कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन गई। कुछ इलाकों में सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जयस्तंभ चौक पर घुटनों तक पानी, दुकानों में घुसा
रविवार दोपहर करीब एक बजे शुरू हुई तेज बारिश के बाद जयस्तंभ चौक समेत कई इलाकों में पानी भर गया। सड़क पर पानी का स्तर बढ़ने से कई वाहन आधे तक डूब गए। सड़क किनारे स्थित दुकानों में भी पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों को परेशानी उठानी पड़ी। VIP रोड पर भी जल निकासी बाधित होने के कारण सड़क के बड़े हिस्से में पानी जमा हो गया। तेज बहाव और जलभराव के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई।
प्रोफेसर कॉलोनी से कुशालपुर तक जलभराव
आकाशवाणी चौक के आसपास की निचली बस्तियों में भी बारिश का पानी भर गया। कुशालपुर और प्रोफेसर कॉलोनी की सड़कों पर भी हालात बिगड़ गए। कई वाहन पानी के बीच बंद हो गए। इसके बाद लोग अपने वाहनों को धक्का देकर निकालते नजर आए। शहर के अलग-अलग हिस्सों में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
तापमान में 5.5 डिग्री की गिरावट
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, माना एयरपोर्ट मौसम केंद्र पर सुबह 8:30 बजे तक 15.8 मिमी और शाम 5:30 बजे तक 17.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश और ठंडी हवाओं के असर से रायपुर के अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज हुई। शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री कम होकर 25 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह सापेक्ष आर्द्रता 96 प्रतिशत और शाम को 98 प्रतिशत रही।
अगले दिनों भी बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। मानसून द्रोणिका के प्रभाव से आने वाले 4-5 दिनों में रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। राजधानी में भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।