DHAMTARI NEWS. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अर्जुनी थाना क्षेत्र के तेलीनसत्ती में रहने वाले एक रिटायर्ड प्रिंसिपल के बैंक खाते से साइबर ठगों ने करीब 9 लाख 18 हजार रुपये पार कर दिए। ठगों ने इतनी सफाई से पूरा जाल बिछाया कि पीड़ित को शुरुआत में किसी तरह का शक नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि ठगों ने पहले पीड़ित के मोबाइल पर एक लिंक भेजा। इसके बाद फोन कर खुद को SBI का अधिकारी बताया गया। ठग ने भरोसे में लेते हुए कहा कि YONO SBI एप को दोबारा इंस्टॉल करने के लिए भेजे गए लिंक के जरिए प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
एक लिंक पर क्लिक करना पड़ा भारी
रिटायर्ड प्रिंसिपल ने फोन करने वाले व्यक्ति की बात पर भरोसा कर लिया। उन्हें लगा कि बैंक से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। लेकिन जिस लिंक को वह YONO SBI एप दोबारा इंस्टॉल करने का माध्यम समझ रहे थे, वही उनके लिए साइबर ठगी का रास्ता बन गया। लिंक पर क्लिक करने के बाद ठगों ने कथित तौर पर उनके बैंक खाते से रकम निकालना शुरू कर दिया। देखते ही देखते एक के बाद एक कई ट्रांजेक्शन हुए और करीब 9.18 लाख रुपये खाते से निकल गए। सालों की मेहनत से जमा की गई रकम कुछ ही समय में ठगों के हाथ पहुंच गई। खाते से बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित अंबिका प्रसाद सोनवानी के होश उड़ गए।
शिकायत के बाद जांच में जुटी पुलिस
ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने बिना देरी किए साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब उन मोबाइल नंबरों और लिंक की जांच कर रही है, जिनका इस्तेमाल ठगों ने किया था। इसके साथ ही बैंक खाते से निकाली गई रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई, इसका भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस साइबर ठगी के पीछे सक्रिय गिरोह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
DHAMTARI NEWS एक क्लिक से खाली हो सकता है बैंक अकाउंट
धमतरी में रिटायर्ड प्रिंसिपल के साथ हुई घटना लोगों के लिए बड़ा साइबर अलर्ट है। बैंक से जुड़ा कोई भी मैसेज, लिंक या फोन आने पर जल्दबाजी में भरोसा करना भारी पड़ सकता है।अनजान लिंक पर क्लिक न करें। बैंक अधिकारी के नाम से फोन आने पर भी अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें। किसी भी एप को अपडेट या दोबारा इंस्टॉल करने के लिए हमेशा बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या आधिकारिक एप स्टोर का इस्तेमाल करें।