AMBIKAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक और युवती से जुड़ी सनसनीखेज घटना सामने आई है। गांधीनगर थाना क्षेत्र में युवक का गला रेता हुआ शव मिला, जबकि युवती भी गंभीर हालत में घायल मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
रक्षाबंधन में घर जाने को लेकर हुआ था विवाद
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक और युवती लिव-इन में रह रहे थे। रक्षाबंधन के मौके पर घर जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान युवक ने कथित तौर पर पहले अपना गला रेत लिया। इसके बाद युवती ने भी अपना गला रेत लिया। घटना में युवक की मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कमरे में मिला युवक का शव, युवती घायल
घटना की जानकारी मिलने के बाद गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर बढ़ा और घटना की पूरी परिस्थितियां क्या थीं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। युवती की हालत गंभीर होने के कारण उसके बयान के बाद मामले से जुड़ी और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।