DELHI NEWS. जंतर-मंतर पर लंबे समय तक आंदोलन करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी ने एक बार फिर राजधानी दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन करने का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने 5 सितंबर 2026 को इंडिया गेट से दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक शांतिपूर्ण मार्च निकालने की घोषणा की है। CJP का आरोप है कि 25 जुलाई को युवाओं से किए गए वादों को सरकार ने अब तक पूरा नहीं किया है।
‘वादे पूरे नहीं हुए तो फिर सड़क पर उतरेंगे’
CJP के मुताबिक, 25 जुलाई को सरकार की ओर से मिले आश्वासनों के बाद युवाओं ने सद्भावना के तौर पर अपना देशव्यापी आंदोलन वापस लिया था। लेकिन पार्टी का दावा है कि एक महीने से ज्यादा समय बीतने के बावजूद इन आश्वासनों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में इसी मुद्दे पर चर्चा के बाद 5 सितंबर को दिल्ली में फिर से शांतिपूर्ण मार्च निकालने का फैसला लिया गया। CJP ने सरकार पर वादों को टालने का आरोप लगाया है।
इंडिया गेट से पुलिस मुख्यालय तक मार्च
प्रस्तावित मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर नई दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक जाएगा। CJP के अनुसार, मार्च का नेतृत्व NEET से जुड़े मामलों में जान गंवाने वाले छात्रों के परिवार और कथित पुलिस बर्बरता के पीड़ितों के परिवार करेंगे। इस प्रदर्शन में देशभर से छात्रों, युवा संगठनों और युवाओं के शामिल होने की उम्मीद जताई गई है।
क्या हैं CJP की प्रमुख मांगें?
जंतर-मंतर आंदोलन के दौरान CJP ने NEET मामले से जुड़े मुद्दों को लेकर कई मांगें उठाई थीं। इनमें मृत छात्रों के परिवारों को मुआवजा और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे हैं। पार्टी का दावा है कि इन मुद्दों पर सरकार की ओर से मिले भरोसे के आधार पर आंदोलन वापस लिया गया था, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। CJP का कहना है कि सद्भावना को कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए और सरकार को युवाओं से किए गए वादों पर स्पष्ट कदम उठाने होंगे।
5 सितंबर पर सबकी नजर
फिलहाल CJP के ऐलान के बाद 5 सितंबर का दिल्ली मार्च चर्चा में आ गया है। पार्टी इसे शांतिपूर्ण प्रदर्शन बता रही है और देशभर के युवाओं से इसमें शामिल होने की अपील कर रही है। अब देखना होगा कि सरकार की ओर से इस ऐलान पर क्या प्रतिक्रिया आती है और 5 सितंबर को दिल्ली की सड़कों पर प्रदर्शन किस रूप में सामने आता है।
