JANJGIR CHAMPA NEWS. कभी-कभी मामूली बात इतनी बड़ी हो जाती है कि रिश्तों पर ही भारी पड़ जाती है। जांजगीर-चाम्पा जिले के शिवरीनारायण क्षेत्र में कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां चिकन के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी झगड़े में बदल गया। आरोप है कि कम हिस्सा मिलने से नाराज छोटे भाई ने गुस्से में टांगी उठाई और अपने ही बड़े भाई पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंची भाभी को भी नहीं बख्शा।
कम हिस्सा मिलने से नाराज हुआ छोटा भाई
मामला बुंदेला गांव का है। राहौद पुलिस सहायता केंद्र के मुताबिक, बुधराम गोंड़ ने शिकायत दर्ज कराई कि घर में चिकन बनाने के लिए उसे बांटा जा रहा था। इसी दौरान उसका छोटा भाई बजरंग गोंड़ इस बात से नाराज हो गया कि उसे कम हिस्सा मिल रहा है।
टांगी उठाकर बड़े भाई पर किया हमला
बताया गया कि पहले दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज शुरू हो गई। बात इतनी बिगड़ी कि आरोपी बजरंग ने कथित तौर पर टांगी उठा ली और बड़े भाई पर हमला कर दिया। हमले में बुधराम घायल हो गया।
बीच-बचाव करने आई भाभी भी बनी निशाना
भाई पर हमला होते देख उसकी भाभी बीच-बचाव करने पहुंची। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने उस पर भी टांगी से हमला कर दिया। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की शिकायत मिलने के बाद राहौद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी छोटे भाई बजरंग गोंड़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई टांगी भी जब्त कर ली है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।