RAIPUR NEWS : राजधानी रायपुर में रविवार देर रात चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी। डीडी नगर थाना क्षेत्र में कुछ ही घंटों के अंतराल में हुई दोनों वारदातों में दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना रायपुरा चौक स्थित सुमीत बाजार के सामने हुई, जबकि दूसरी वारदात चंगोराभाठा इलाके में सामने आई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रायपुरा चौक पर विवाद के बाद चाकूबाजी
पहली घटना रविवार देर रात रायपुरा चौक पर हुई। बताया जा रहा है कि सुमीत बाजार के सामने टिकेंद्र देवांगन और कैलाश निषाद के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर टिकेंद्र ने कैलाश पर चाकू से हमला कर दिया।इसके बाद कैलाश ने कथित तौर पर टिकेंद्र से चाकू छीन लिया और उसी हथियार से उस पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते टिकेंद्र देवांगन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इस हमले में कैलाश निषाद भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए AIIMS रायपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। फिलहाल दोनों युवकों के बीच विवाद की असल वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
चंगोराभाठा में रंजिश में युवक की हत्या
दूसरी वारदात रविवार रात करीब 11 बजे चंगोराभाठा इलाके में हुई। यहां आपसी रंजिश के चलते भोला विश्वकर्मा पर चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। गंभीर हालत में भोला को मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आशीष नाम के युवक ने भोला पर चाकू से हमला किया था। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। घटना की कड़ियां जोड़ने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही वारदात से जुड़े लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
RAIPUR NEWS एक ही थाना क्षेत्र में दो मौतों से हड़कंप
डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक ही रात चाकूबाजी की दो घटनाओं में दो युवकों की मौत के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है। रायपुरा चौक मामले में घायल कैलाश निषाद का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि चंगोराभाठा मामले में फरार आरोपी आशीष की तलाश की जा रही है।