RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। सरकार ने 18 अगस्त को 23 IAS-IFS अधिकारियों की नई पदस्थापना और अतिरिक्त प्रभार से जुड़े आदेश जारी किए। इस बदलाव में मंत्रालय से लेकर जिलों तक कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। सबसे ज्यादा चर्चा कलेक्टरों के तबादले को लेकर है। इसके अलावा नगरीय प्रशासन, आदिम जाति विकास, जल जीवन मिशन, खाद्य विभाग और पर्यटन जैसे अहम विभागों में भी बड़े बदलाव किए गए हैं।
सोनमणि बोरा को नगरीय प्रशासन की कमान
1999 बैच के IAS अधिकारी सोनमणि बोरा को आदिम जाति विकास विभाग से हटाकर प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। वहीं आर. शंगीता को नगरीय प्रशासन विभाग से हटाकर मंत्रालय में सचिव के पद पर पदस्थ किया गया है।
भुवनेश यादव को मिली अतिरिक्त जिम्मेदारी
IAS अधिकारी भुवनेश यादव अपने वर्तमान प्रभार के साथ आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। वहीं कांकेर कलेक्टर नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर को संचालक, नगरीय प्रशासन की जिम्मेदारी दी गई है।
जल जीवन मिशन में भी बदलाव
रिमिजयुस एक्का को संचालक, नगरीय प्रशासन के पद से हटाकर विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें मिशन संचालक, जल जीवन मिशन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इस बदलाव के बाद मो. कैसर अब्दुल हक जल जीवन मिशन के मिशन संचालक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे।
खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग में भी नई जिम्मेदारियां
प्रशासनिक फेरबदल के तहत भोसकर विलास संदिपान को अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के साथ नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं जगदीश सोनकर को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। हिना अनिमेष नेताम को अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
छह जिलों के कलेक्टर बदले
सरकार के इस फेरबदल का बड़ा असर जिलों में देखने को मिला है। कई कलेक्टरों को हटाकर नई पोस्टिंग दी गई है। गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उइके को मंत्रालय में संयुक्त सचिव बनाया गया है। उनकी जगह रणबीर शर्मा को गरियाबंद का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं गोपाल वर्मा को कबीरधाम कलेक्टर के पद से हटाकर संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
किस जिले में किसे मिली जिम्मेदारी?
कुंदन कुमार — मुंगेली से स्थानांतरित होकर कांकेर कलेक्टर
अमृत विकास तोपनो — सक्ती से मुंगेली कलेक्टर
जयश्री जैन — सक्ती की नई कलेक्टर
तुलिका प्रजापति — मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से कबीरधाम कलेक्टर
तनुजा सलाम — मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की नई कलेक्टर
रणबीर शर्मा — गरियाबंद के नए कलेक्टर
इन बदलावों के साथ जिलों में प्रशासनिक टीम का नया समीकरण तैयार हुआ है।
CGPSC से दुर्ग नगर निगम पहुंचीं लीना कोसम
लीना कोसम को CGPSC परीक्षा नियंत्रक के पद से हटाकर नगर पालिक निगम दुर्ग का आयुक्त बनाया गया है। वहीं सौमिल रंजन चौबे को कृषि विभाग से हटाकर पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी दी गई है। नारायणपुर के अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई को बिलासपुर में अपर कलेक्टर बनाया गया है।
IFS अधिकारी विवेक आचार्य की वन विभाग में वापसी
IFS अधिकारी विवेक आचार्य की पर्यटन मंडल से सेवाएं तत्काल उनके पैतृक वन विभाग को वापस कर दी गई हैं। इसके अलावा समाज कल्याण, खेल एवं युवा कल्याण, पर्यटन और मंत्रालय स्तर पर भी अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया गया है।