रायपुर। राजधानी रायपुर में AIIMS अस्पताल के सामने एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने कार से दूसरे युवक को कुचल दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने साथ मौजूद युवती को हिरासत में लिया है।
युवती के साथ पहुंचा था आरोपी
बताया जा रहा है कि एक युवती के साथ कार सवार युवक AIIMS के सामने पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद परम सिंह नामक युवक के साथ उसका विवाद हुआ। विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर कार से परम सिंह को टक्कर मार दी।
बचने की कोशिश में कार के ऊपर चढ़ा युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की चपेट में आने के बाद परम सिंह ने खुद को बचाने की कोशिश की और कार के ऊपर चढ़ गया। इसके बावजूद कार चालक ने वाहन नहीं रोका और कुछ दूर तक उसे लेकर चलता रहा।
ब्रेक लगाने के बाद सड़क पर गिरा युवक
बताया जा रहा है कि कुछ दूरी तक कार चलाने के बाद चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इससे परम सिंह सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया।
सड़क पर गिरने से हुई मौत
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान परम सिंह के रूप में हुई है।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा मामला
प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटना के बाद आमानाका थाना पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस फरार कार चालक की तलाश कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।