TELANGANA NEWS. तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सतवार के पास एक टैंकर ने यात्रियों से भरे ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के वक्त ऑटो में कुल 12 लोग सवार थे। सभी कर्नाटक के बीदर जिले से जुड़े खेतिहर मजदूर बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
ऑटो में सवार थीं ज्यादातर महिलाएं
पुलिस के मुताबिक, ऑटो में सवार ज्यादातर यात्री महिलाएं थीं। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रेखा, श्रीदेवी, कविता, रेशमा, निकिता और ऑटो चालक देवदास के रूप में हुई है। सभी मृतक कर्नाटक के बीदर जिले के राजगेरा गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
घायलों में निर्मला, तुलजम्मा, चंद्रकला, राधिका, शिल्पा और शोभा शामिल हैं। उन्हें इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा है कि इलाज में किसी तरह की लापरवाही न हो।
हादसे की वजह की जांच जारी
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टैंकर और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर के बाद यह हादसा हुआ। गंभीर रूप से घायल लोगों को देखते हुए पुलिस ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई है।
एक अन्य हादसे में दो लोगों की मौत
इसी रात संगारेड्डी जिले के कोहिर मंडल के कावेली में NH-65 पर एक और सड़क हादसा हुआ। यहां एक कार डिवाइडर से टकराने के बाद सामने से आ रहे वाहनों से भिड़ गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। दुर्घटना में कम से कम चार वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।