EPFO में हुए 5 बड़े बदलाव! PF निकालने से लेकर UAN एक्टिवेशन तक बदल गया पूरा सिस्टम, जानें क्या है नया
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने 2026 में अपने सदस्यों के लिए कई अहम बदलाव किए हैं। इनका मकसद PF से जुड़ी सेवाओं को ज्यादा आसान, तेज और डिजिटल बनाना है। नए अपडेट के तहत PF निकासी, अकाउंट ट्रांसफर, UAN एक्टिवेशन और क्लेम सेटलमेंट जैसी प्रक्रियाओं में बदलाव किए जा रहे हैं। इनमें कुछ सुविधाएं लागू हो चुकी हैं, जबकि कुछ जल्द शुरू हो सकती हैं।
पहला बदलाव: ऑटो-सेटलमेंट का विस्तार
EPFO ऑटो-सेटलमेंट सुविधा का दायरा बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। अभी यह सुविधा कुछ एडवांस PF क्लेम के लिए उपलब्ध है, जिसके तहत 5 लाख रुपये तक के अग्रिम PF दावों को ऑटोमैटिक तरीके से प्रोसेस किया जाता है। अब इसे अंतिम PF निकासी तक विस्तार देने की योजना है, जिससे सदस्यों को अपना क्लेम जल्दी मिलने की उम्मीद है।
दूसरा बदलाव: UMANG ऐप से UAN एक्टिवेशन
UAN एक्टिवेशन और जनरेशन की प्रक्रिया को UMANG ऐप पर शिफ्ट किया गया है। अब नए और मौजूदा EPFO सदस्य इन सेवाओं के लिए एकीकृत सदस्य पोर्टल के बजाय UMANG ऐप का इस्तेमाल करेंगे। इसके लिए आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन की जरूरत होगी। इस बदलाव का उद्देश्य ऑनलाइन सेवाओं को ज्यादा तेज और भरोसेमंद बनाना है।
तीसरा बदलाव: PF ट्रांसफर होगा आसान
नौकरी बदलने के बाद PF बैलेंस ट्रांसफर करने की प्रक्रिया भी आसान की गई है। आधार से जुड़े और KYC-compliant UAN वाले कर्मचारियों के लिए PF ट्रांसफर ऑटोमैटिक तरीके से हो सकता है। इससे अलग-अलग ट्रांसफर आवेदन और कागजी कार्रवाई की जरूरत कम होगी। पहले कर्मचारियों को पुराने और नए नियोक्ता के साथ EPFO कार्यालय के स्तर पर भी प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती थी।
चौथा बदलाव: PF क्लेम का तेज निपटान
EPFO की ओर से PF निकासी दावों को तेजी से निपटाने पर भी जोर दिया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, ज्यादातर नए PF Withdrawal Claims का निपटारा उसी दिन या अधिकतम दो दिनों में करने का लक्ष्य है। वहीं पात्र पेंशन दावों के निपटान के लिए 20 दिनों की समयसीमा तय है। तय अवधि में बिना वैध कारण के दावा निपटाने में देरी होने पर 12 प्रतिशत सालाना ब्याज का प्रावधान बताया गया है।
पांचवां बदलाव: UPI और ATM के जरिए PF निकासी
PF क्लेम सेटलमेंट को UPI से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत BHIM ऐप के माध्यम से PF क्लेम का पैसा सीधे सदस्य के UPI से जुड़े बैंक खाते में पहुंचाया जा सकता है। इसके अलावा UPI-ATM के जरिए PF का पैसा निकालने की सुविधा भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, इस सुविधा को लेकर अभी विस्तृत आधिकारिक अपडेट का इंतजार है।