पेट्रोल-डीजल के दाम में फिर लगी आग! यहां आधी रात से 60 पैसे महंगा हुआ ईंधन, जानें नई कीमत
HIMACHAL PRADESH NEWS. पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल की कीमतों में 60 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो गई है। यह बढ़ोतरी 11 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि से लागू हुई। सरकार ने अनाथ बच्चों और विधवाओं के कल्याण के लिए धन जुटाने के उद्देश्य से ‘अनाथ एवं विधवा सेस’ लागू किया है।
नए सेस के बाद शिमला में पेट्रोल की कीमत 102.45 रुपये से बढ़कर 103.05 रुपये प्रति लीटर हो गई है। हाई-स्पीड डीजल पर भी 60 पैसे प्रति लीटर का अतिरिक्त सेस लगाया गया है। यह उपकर पेट्रोल और डीजल की पहली बिक्री (Point of First Sale) के समय वसूला जाएगा।
राज्य कर एवं आबकारी विभाग की अधिसूचना के अनुसार, सेस हिमाचल प्रदेश मूल्य वर्धित कर (VAT) अधिनियम, 2005 की धारा 6-ए के तहत लगाया गया है। इससे मिलने वाली राशि अनाथ बच्चों और विधवाओं के कल्याण एवं सहायता से जुड़े कार्यों पर खर्च की जाएगी।
यह फैसला हिमाचल प्रदेश मूल्य वर्धित कर (संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत लिया गया है, जिसे विधानसभा के बजट सत्र में पारित किया गया था। विधेयक के जरिए सरकार को पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल पर अधिकतम 5 रुपये प्रति लीटर तक ‘विधवा एवं अनाथ उपकर’ लगाने का अधिकार मिला है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा में कहा था कि अधिकतम सीमा 5 रुपये तय की गई है, जबकि वास्तविक सेस की दर सरकार अपने विवेक से तय कर सकती है। विपक्ष ने इस फैसले की आलोचना करते हुए इसे विधवाओं और अनाथों के नाम पर राजस्व जुटाने का अनुचित तरीका बताया था।
सुक्खू ने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि सरकार आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और अनाथ बच्चों तथा विधवाओं के कल्याण के लिए उठाए जा रहे कदमों का विपक्ष को विरोध करने के बजाय समर्थन करना चाहिए।