KARNATAKA NEWS. IPL क्रिकेटर और बंगाल के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हुगली ग्रामीण पुलिस ने उन्हें सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। कर्नाटक की एक मेडिकल छात्रा ने अभिषेक पोरेल पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, आपराधिक धमकी देने और कई अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस के मुताबिक, छात्रा की शिकायत पर जून 2026 में मोगरा थाने में मामला दर्ज किया गया था। मामले में कई घंटे की पूछताछ के बाद अभिषेक पोरेल को गिरफ्तार किया गया। उन्हें मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
कलकत्ता हाईकोर्ट ने दिया था गिरफ्तारी का आदेश
मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट ने पिछले महीने अभिषेक पोरेल की गिरफ्तारी का आदेश दिया था। कोर्ट ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त करने की जरूरत पर भी जोर दिया था, ताकि कथित तौर पर रिकॉर्ड किए गए डेटा को किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा किए जाने से रोका जा सके। हुगली ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक कुनार भूषण सिंह ने PTI को बताया कि अभिषेक के खिलाफ मामला दर्ज है और अदालत की ओर से उनकी गिरफ्तारी का आदेश दिया गया था। पुलिस के अनुसार, उन्हें सोमवार देर रात गिरफ्तार किया गया और मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाना है।
तीन साल तक रिश्ते में रहने का दावा
शिकायतकर्ता मेडिकल छात्रा ने दावा किया है कि वह और अभिषेक पोरेल करीब तीन साल तक रिलेशनशिप में थे। महिला के मुताबिक, जनवरी 2023 में अभिषेक ने उससे संपर्क किया था, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में रिश्ता बन गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कथित घटना 2 अप्रैल 2026 को दिल्ली में हुई थी। महिला ने आरोप लगाया कि अभिषेक ने उसे शादी का भरोसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि अभिषेक ने उसके साथ बिताए निजी पलों को रिकॉर्ड किया था। इसके अलावा, उस पर आपराधिक धमकी देने और महिला को कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से रोककर रखने सहित अन्य आरोप भी लगाए गए हैं।
पिछले साल दोनों के बीच हुआ था विवाद
शिकायत के अनुसार, पिछले साल दोनों के रिश्ते में मतभेद शुरू हो गए थे। महिला का आरोप है कि इसके बाद अभिषेक ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। महिला ने दावा किया कि अभिषेक ने उससे शादी करने का वादा किया था, लेकिन बाद में वह शादी के लिए तैयार नहीं हुआ। शिकायत में क्रिकेटर पर खाना नहीं देने समेत अन्य आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि, मामला दर्ज होने के बाद अभिषेक पोरेल ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया था।
पुलिस कई बार पहुंची थी घर
मामले में गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें चंदननगर स्थित अभिषेक पोरेल के घर भी कई बार पहुंची थीं। हालांकि, पुलिस के मुताबिक वह वहां मौजूद नहीं मिले थे। हाईकोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज की और आखिरकार सोमवार देर रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस की जांच के साथ-साथ अदालत में होने वाली सुनवाई पर भी नजर है।
IPL में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं अभिषेक पोरेल
अभिषेक पोरेल भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। वह IPL में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं और घरेलू क्रिकेट में बंगाल का प्रतिनिधित्व करते हैं। IPL 2026 में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए चार मुकाबले खेले थे। घरेलू क्रिकेट में अभिषेक पोरेल ने अब तक 32 फर्स्ट क्लास और 23 लिस्ट-ए मैच खेले हैं।