RAIPUR PANEER CONTROVERSY रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के परिवार द्वारा संचालित डेयरी के पनीर को लेकर सामने आए विवाद में अब नया अपडेट आया है। रायपुर रेलवे स्टेशन पर जांच के लिए रोके गए करीब 500 किलो पनीर की लैब रिपोर्ट सामने आने का दावा किया गया है।
शिवराज सिंह चौहान के छोटे बेटे कुणाल सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि छत्तीसगढ़ फूड डिपार्टमेंट की लैब रिपोर्ट में उनकी कंपनी के ‘सुधामृत पनीर’ को शुद्ध पाया गया है। उनके मुताबिक, जांच में पनीर में किसी तरह की सिंथेटिक मिलावट नहीं मिली है।
रायपुर रेलवे स्टेशन पर रोका गया था पनीर का कंसाइनमेंट
कुणाल सिंह चौहान के मुताबिक, देशभर में सिंथेटिक यानी एनालॉग पनीर के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच उनकी कंपनी सुंदर फूड्स एंड डेयरी के ‘सुधामृत पनीर’ का एक कंसाइनमेंट रायपुर रेलवे स्टेशन पर रोका गया था।
इसके बाद फूड इंस्पेक्टर ने पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर पनीर को कथित तौर पर नकली या एनालॉग बताए जाने को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी।
कुणाल चौहान ने X पर क्या कहा?
कुणाल सिंह चौहान ने अपने पोस्ट में दावा किया कि अब छत्तीसगढ़ फूड डिपार्टमेंट की लैब रिपोर्ट आ चुकी है। उनके अनुसार, रिपोर्ट में ‘सुधामृत पनीर’ को 100 प्रतिशत शुद्ध मिल्क फैट से बना पाया गया है और इसमें किसी भी तरह की सिंथेटिक मिलावट नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पनीर को लेकर जो भ्रम फैलाया गया था, रिपोर्ट सामने आने के बाद वह स्थिति स्पष्ट हो गई है।
नकली पनीर के खिलाफ अभियान का किया समर्थन
कुणाल चौहान ने अपने पोस्ट में सरकार की ओर से सिंथेटिक और नकली पनीर के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि एनालॉग पनीर पर देशभर में सख्ती होनी चाहिए, क्योंकि इससे लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंच सकता है।उन्होंने यह भी कहा कि उनकी कंपनी पनीर की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर प्रतिबद्ध है।
पिछले कुछ दिनों से देश भर में एनालॉग यानी कि सिंथेटिक पनीर के खिलाफ एक बड़ी मुहिम छिड़ गई है। कई राज्यों ने नकली पनीर पर पूरी तरह बैन लगा दिया है और इसके खिलाफ एक सख्त अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के चलते, हमारी कंपनी सुंदर फूड्स एंड डेयरी (Sunder Foods and Dairy) द्वारा… pic.twitter.com/03LnWdVryp
— Kunal Singh Chouhan (@KunalChouhan11) August 7, 2026
क्या है एनालॉग पनीर?
एनालॉग पनीर ऐसे उत्पादों को कहा जाता है, जिनमें पारंपरिक दूध के फैट और प्रोटीन की जगह या उनके साथ दूसरे फैट अथवा प्रोटीन स्रोतों का इस्तेमाल किया जा सकता है। ऐसे उत्पादों की गुणवत्ता और लेबलिंग को लेकर खाद्य सुरक्षा नियम लागू होते हैं।
फिलहाल रायपुर में जब्त किए गए पनीर को लेकर सामने आई लैब रिपोर्ट और कुणाल सिंह चौहान के दावे के बाद विवाद का एक पक्ष स्पष्ट हुआ है। मामले से जुड़ी आधिकारिक जांच और दस्तावेजों की पूरी जानकारी सामने आने पर स्थिति और साफ होगी।