RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी करते हुए लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
अगले 48 घंटे उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक और वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन को भी आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
रायपुर में बढ़ी उमस, सामान्य से अधिक रहा तापमान
राजधानी रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह 83 प्रतिशत और शाम को 64 प्रतिशत आर्द्रता रहने के कारण दिनभर उमस महसूस की गई। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को भी बादल छाए रहेंगे और एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान रघुनाथनगर और मालखरौदा में सबसे अधिक 80 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। सिमगा में 60 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सुहेला, दोरनापाल, जैजैपुर, गिरौदपुरी टुंडरा और छाल में करीब 50 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। देवभोग, बम्हनीडीह, पामगढ़, तमनार और नवागढ़ सहित कई क्षेत्रों में 40 मिलीमीटर तक बारिश हुई। इसके अलावा प्रदेश के अन्य कई हिस्सों में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई।
8 अगस्त से बारिश की रफ्तार पड़ सकती है धीमी
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अगले दो दिन तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। हालांकि 8 अगस्त से मानसून ट्रफ और ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के कमजोर पड़ने के कारण बारिश की तीव्रता और दायरा कम हो सकता है। इसके बावजूद कई स्थानों पर स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बौछारें जारी रहने की संभावना बनी रहेगी.