रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 के प्रारंभिक परिणाम को लेकर जारी स्पष्टीकरण के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा का कहना है कि आयोग के आधिकारिक बयान ने पूरे विवाद को स्पष्ट कर दिया है और कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोप निराधार साबित हुए हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर भ्रम की स्थिति बनी थी। इस पर उन्होंने स्वयं सीजीपीएससी से सार्वजनिक स्पष्टीकरण जारी करने का आग्रह किया था, ताकि अभ्यर्थियों के बीच किसी प्रकार की गलतफहमी न रहे।
उन्होंने कहा कि आयोग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया है कि जिन नामों को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे, वे संबंधित अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन में दर्ज किए गए वास्तविक नाम हैं और पूरी भर्ती प्रक्रिया उन्हीं नामों के आधार पर की गई है। आयोग ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे भ्रामक दावों का भी खंडन किया है।
उज्ज्वल दीपक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आयोग का आधिकारिक पक्ष सामने आने से पहले ही इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया और युवाओं के बीच भ्रम फैलाया। उन्होंने कहा कि अब जबकि आयोग ने स्थिति स्पष्ट कर दी है, कांग्रेस को अपनी भ्रामक पोस्ट हटाकर प्रदेश के युवाओं और अभ्यर्थियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल उठाना गलत नहीं है, लेकिन तथ्य सामने आने के बाद भी गलत जानकारी फैलाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर बिना आधार सवाल उठाना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
उन्होंने प्रदेश के युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट जानकारी के बजाय केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।