AMBIKAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमगला में एक युवक अंडा नहीं मिलने से नाराज होकर एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान शिव शंकर (पिता- शुकुल) के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, उसे प्रतिदिन अंडा खाने की आदत है। शनिवार को अंडा नहीं मिलने पर वह नाराज हो गया और गांव में लगे एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
युवक को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।