जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला तेलीपारा, डोंगा-कोहरोद के प्रधान पाठक भुवनेश्वर कौशिक को गंभीर आरोपों के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने यह कार्रवाई की है।
दरअसल, प्रधान पाठक पर अभिभावकों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि वे स्कूल समय के दौरान केवल टी-शर्ट और अंडरवियर में कक्ष में बैठे थे। साथ ही बच्चों के सामने अशोभनीय हरकत करने और मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखने के भी आरोप लगाए गए। बच्चों द्वारा घर पहुंचकर घटना की जानकारी देने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक स्कूल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का दावा है कि जब वे स्कूल पहुंचे तो प्रधान पाठक कथित रूप से जल्दबाजी में पैंट पहनते नजर आए। इस दौरान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने पामगढ़ थाना पहुंचकर एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। कलेक्टर के आदेश पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पामगढ़ ने जांच कर प्रतिवेदन जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि वायरल वीडियो और जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्रथम दृष्टया प्रधान पाठक का आचरण गंभीर कदाचार की श्रेणी में पाया गया। उनका कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन माना गया है। इसके चलते छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान भुवनेश्वर कौशिक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नवागढ़ निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।