KERALA NEWS : केरल के कोट्टायम जिले के चंगनासेरी में एक ऐसी शादी देखने को मिली, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यहां दो जुड़वा बहनों ने दो जुड़वा भाइयों के साथ विवाह रचाया। इस अनोखी शादी को और भी खास बना दिया उन जुड़वा पादरियों ने, जिन्होंने दोनों जोड़ों का विवाह संपन्न कराया। यह दुर्लभ संयोग अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक, चंगनासेरी मेट्रोपॉलिटन चर्च में अखिल और निखिल नाम के जुड़वा भाइयों ने मागी और मारिया नाम की जुड़वा बहनों से शादी की। दोनों परिवारों की लंबे समय से इच्छा थी कि उनके बच्चों का विवाह ऐसे परिवार में हो, जहां जुड़वा भाई-बहन हों। आखिरकार यह अनोखा रिश्ता तय हुआ और दोनों परिवारों का सपना साकार हो गया।
जुड़वा पादरियों ने कराया विवाह
KERALA NEWS इस शादी की सबसे खास बात यह रही कि विवाह की सभी धार्मिक रस्में फादर ऐंटो और फादर अजो नाम के जुड़वा पादरियों ने संपन्न कराईं। दुल्हनों की इच्छा थी कि उनका विवाह ऐसे पादरियों द्वारा कराया जाए, जो स्वयं भी जुड़वा हों। संयोगवश उनकी यह इच्छा भी पूरी हो गई। पादरियों ने बताया कि अपने जीवन में पहली बार उन्हें इतना अनोखा विवाह संपन्न कराने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि जिस तरह दोनों जोड़ों का जन्म साथ हुआ, उसी तरह अब उनके वैवाहिक जीवन की शुरुआत भी एक साथ हो रही है।
KERALA NEWS माता-पिता का सपना हुआ पूरा
शादी के बाद नवविवाहित जोड़ों ने बताया कि उनके माता-पिता का वर्षों पुराना सपना था कि उनकी शादी जुड़वा भाई-बहनों से ही हो। ईश्वर की कृपा से यह सपना पूरा हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों दूल्हे मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं, जबकि दोनों दुल्हनें आईटी सेक्टर में काम करती हैं। चर्च में मौजूद मेहमानों के लिए एक साथ दो जुड़वा जोड़ों और दो जुड़वा पादरियों को देखना बेहद यादगार अनुभव रहा। यह अनोखी शादी अब सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।