घर चलाने गया था कश्मीर, आतंकियों ने ले ली जान… कुलगाम हमले में छत्तीसगढ़ के एक युवक की मौत, एक की हालत गंभीर
JAMMU KASHMIR NEWS। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले से शुक्रवार देर शाम एक बड़ी आतंकी घटना सामने आई है। दक्षिण कश्मीर के कीलम इलाके में आतंकवादियों ने दो गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाकर गोलीबारी की। इस हमले में छत्तीसगढ़ निवासी एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है।
ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों पर हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों मजदूर कुलगाम के कीलम क्षेत्र में स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करते थे। शुक्रवार शाम आतंकवादियों ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।गोलीबारी की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल मजदूर का इलाज जारी है।
मृतक और घायल की पहचान
कुलगाम आतंकी हमले में पीड़ितों की पहचान छत्तीसगढ़ के रहने वाले दीपक और भूपेंद्र कुमार के रूप में हुई है।
- दीपक को अस्पताल लाए जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
- भूपेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन
हमले के बाद पुलिस, सेना और सुरक्षा बलों ने पूरे कीलम इलाके की घेराबंदी कर दी है। आतंकियों की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हैं।