VARANASI NEWS : उत्तर प्रदेश के वाराणसी से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित एक प्ले स्कूल में नर्सरी के 5 वर्षीय छात्र के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोप है कि क्लास टीचर ने बच्चे के पैंट में पेशाब हो जाने पर गर्म चाकू से उसका प्राइवेट पार्ट जला दिया। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाथरूम जाने की अनुमति नहीं मिली
जानकारी के अनुसार, लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र स्थित ‘सेरेन सोनी प्ले स्कूल’ में पढ़ने वाले 5 वर्षीय छात्र अस्तित्व जायसवाल ने 24 जुलाई को क्लास के दौरान अपनी टीचर से बाथरूम जाने की अनुमति मांगी थी। आरोप है कि अनुमति नहीं मिलने के कारण बच्चे के कपड़ों में ही पेशाब हो गया।
गर्म चाकू से प्राइवेट पार्ट जलाने का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस बात से नाराज शिक्षिका बच्चे को एक अलग कमरे में ले गई। वहां गैस पर चाकू गर्म कर उसके प्राइवेट पार्ट को जला दिया। स्कूल से घर लौटने के बाद बच्चा दर्द और डर के कारण रोने लगा, तब उसने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई।
प्रिंसिपल और प्रबंधन पर सहयोग न करने का आरोप
बच्चे के परिजनों ने पहले शिक्षिका से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद बच्चे के पिता ने स्कूल की प्रिंसिपल हेमलता सिंह से बात की। परिजनों का आरोप है कि उन्हें मदद देने के बजाय धमकाया गया। अगले दिन स्कूल पहुंचने पर भी प्रिंसिपल और प्रबंधन ने किसी तरह का सहयोग नहीं किया।
VARANASI NEWS पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़ित बच्चे के पिता, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.