CWG 2026, नई दिल्ली: भारतीय स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने महिला 48 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का यह कुल तीसरा और पहला स्वर्ण पदक है। इसके साथ ही चानू ने राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया।
मीराबाई चानू ने स्नैच में 85 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 105 किलोग्राम वजन उठाया। इस तरह उन्होंने कुल 190 किलोग्राम वजन उठाकर प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल किया। इससे पहले भी वह 2018 और 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
प्रतियोगिता में नाइजीरिया की रुथ असुक्यो नियोंग ने कुल 168 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीता, जबकि मलेशिया की इरेने जाने हेनरी ने 167 किलोग्राम वजन के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
मीराबाई चानू ने स्नैच स्पर्धा के तीसरे प्रयास में 85 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाकर नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड कायम किया। पहले प्रयास में वह 82 किलोग्राम वजन उठाने में असफल रहीं, लेकिन दूसरे प्रयास में उन्होंने इसी वजन को सफलतापूर्वक उठाकर बढ़त बना ली।
इसके बाद तीसरे प्रयास में उन्होंने 85 किलोग्राम वजन उठाने का फैसला किया और शानदार सफलता हासिल की। यह प्रदर्शन कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में महिलाओं की स्नैच स्पर्धा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बन गया। उनसे पहले कोई भी महिला भारोत्तोलक स्नैच वर्ग में 85 किलोग्राम वजन नहीं उठा सकी थी।