DELHI NEWS नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच दिल्ली प्रशासन ने शराब की दुकानों के संचालन को लेकर अस्थायी बदलाव किया है। कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सरकार ने सभी लाइसेंस प्राप्त शराब की दुकानों को वीकेंड तक रात 8 बजे तक बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। सामान्य दिनों में दिल्ली में शराब की दुकानें रात 10 बजे तक खुली रहती हैं, लेकिन प्रशासन के नए आदेश के बाद अब इन्हें दो घंटे पहले बंद करना होगा।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लिया गया फैसला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह निर्णय दिल्ली पुलिस की सुरक्षा रिपोर्ट और राजधानी की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के बाद लिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, जंतर-मंतर और सेंट्रल दिल्ली के आसपास लगातार हो रहे प्रदर्शनों को देखते हुए भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन का मानना है कि देर रात तक शराब की बिक्री जारी रहने से किसी भी अप्रिय स्थिति या कानून-व्यवस्था की चुनौती पैदा हो सकती है। इसी को देखते हुए शराब दुकानों के समय में अस्थायी बदलाव किया गया है।
आबकारी विभाग करेगा आदेश की निगरानी
बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम को भी कुछ इलाकों में शराब की दुकानों को निर्धारित समय से पहले बंद कराया गया था, जिसके चलते कई ग्राहकों को वापस लौटना पड़ा। इसके बाद शुक्रवार को प्रशासन ने स्पष्ट आदेश जारी कर दिया कि वीकेंड के दौरान सभी लाइसेंस प्राप्त शराब की दुकानें रात 8 बजे तक ही खुली रहेंगी। आबकारी विभाग और स्थानीय प्रशासन को आदेश के पालन की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन जारी
गौरतलब है कि दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध प्रदर्शन चल रहा है। छात्र संगठन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में खामियां रही हैं और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है।