AMBIKAPUR NEWS : अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक नाबालिग आदिवासी छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप गांव की उपसरपंच के पति पर लगा है। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने से रोकने के लिए आरोपी ने उन्हें पैसों का लालच दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बावजूद परिजन ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार, मामला अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के भफौली गांव का है। पीड़िता 15 वर्षीय छात्रा है, जो सातवीं कक्षा में पढ़ती है। परिजनों का आरोप है कि गांव के उपसरपंच के पति तरुण के यहां छात्रा घर का काम करती थी। आरोपी ने परिवार से उसकी शादी का पूरा खर्च उठाने का भरोसा भी दिलाया था।
आरोप है कि 20 जुलाई को जब छात्रा उपसरपंच के घर पहुंची, तब आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने पूरी बात अपने परिजनों को बताई।
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद आरोपी ने मामला दबाने के लिए लाखों रुपये देने का प्रस्ताव रखा और पुलिस में शिकायत न करने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के साथ कोतवाली थाना पहुंचे, जहां आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।