KARNATAKA NEWS चिक्कबल्लापुर। कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर शहर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 65 वर्षीय महिला मंजुला को कोर्ट में जज की कुर्सी पर कथित रूप से काला जादू करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, महिला की यह हरकत कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
आरोप है कि महिला चिक्कबल्लापुर के जेएमएफसी कोर्ट के प्रथम अतिरिक्त वरिष्ठ सिविल जज की कुर्सी और मंच (डायस) पर सफेद सरसों के दाने छिड़क रही थी। पुलिस ने बताया कि यह घटना 9 जुलाई की सुबह करीब 9:40 बजे की है, जबकि मामला 14 जुलाई को सामने आया।
CCTV फुटेज से हुआ खुलासा
कोर्ट प्रशासन के अनुसार, कोर्ट स्टाफ की नजर जज की कुर्सी और मंच पर पड़े सफेद सरसों के दानों पर पड़ी। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें महिला कथित तौर पर कोर्ट रूम में जाकर यह गतिविधि करती दिखाई दी। फुटेज के आधार पर कोर्ट की मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नेत्रा ने चिक्कबल्लापुर टाउन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी महिला मंजुला को गिरफ्तार कर लिया।
लंबित पारिवारिक मामले से जुड़ा होने का दावा
पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला का एक पारिवारिक सिविल केस अदालत में लंबित है। आशंका जताई जा रही है कि वह मामले का फैसला अपने पक्ष में कराने के उद्देश्य से यह हरकत कर रही थी। हालांकि पुलिस इस मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
काला जादू विरोधी कानून के तहत केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ कर्नाटक प्रिवेंशन एंड इरैडिकेशन ऑफ ह्यूमन इविल प्रैक्टिस एंड ब्लैक मैजिक एक्ट, 2017 के तहत मामला दर्ज किया है। अदालत में पेश किए जाने के बाद महिला को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना में महिला के साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
KARNATAKA NEWS दिल्ली कोर्ट में भी सामने आया था ऐसा मामला
इससे पहले दिल्ली की तीस हजारी अदालत में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। हत्या के एक मामले का सामना कर रहे डॉक्टर चंदर विभास ने कथित तौर पर सुनवाई से पहले कोर्ट रूम में चावल के दाने बिखेर दिए थे। इसके बाद अदालत की कार्यवाही कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी थी। मामले में अदालत ने डॉक्टर पर जुर्माना लगाया था।