KANKER NEWS : कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर शहर में मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से शीतला माता मंदिर से चोरी किए गए चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी सिर्फ मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था और इससे पहले भी कई मामलों में शामिल रह चुका है।
शीतला मंदिर समेत कई धार्मिक स्थलों में हुई थी चोरी
जानकारी के मुताबिक, कांकेर शहर के शीतला माता मंदिर, बालाजी मंदिर और शिव मंदिर में अज्ञात चोर ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर मंदिरों से जेवरात और दानपेटी में रखी नकदी लेकर फरार हो गया था। चोरी की कुल रकम करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। लगातार मंदिरों को निशाना बनाए जाने के बाद शहर में दहशत का माहौल बन गया था। वहीं, पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी थी।
200 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच के बाद मिला सुराग
पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए कांकेर शहर सहित आसपास के जिलों के करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की जांच की। इस दौरान एक संदिग्ध युवक की तस्वीर सामने आई, जिसकी पहचान कोंडागांव निवासी हरेन्द्र गुप्ता के रूप में हुई।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और आखिरकार उसे जगदलपुर से गिरफ्तार कर लिया।
कई जिलों में मंदिर चोरी की वारदातों का खुलासा
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कांकेर के अलावा धमतरी, कोंडागांव और जगदलपुर में भी मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। पूछताछ के दौरान आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और चोरी की अन्य घटनाओं से जुड़े तथ्यों का भी पता लगाया जा रहा है।