BHILAI NEWS: भिलाई। एकतरफा प्यार जब जुनून और जिद में बदल जाता है, तो उसका अंजाम कितना भयावह हो सकता है, इसका दर्दनाक उदाहरण भिलाई में सामने आया है। रामनगर इलाके में किराए के मकान में रह रही नर्सिंग छात्रा खुशी साहू की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में डर का माहौल है।
बेमेतरा जिले के ग्राम कुम्हली की रहने वाली खुशी साहू कुछ समय पहले ही नर्सिंग का कोर्स करने के लिए भिलाई आई थी। वह अपनी रूममेट स्वाति के साथ रामनगर में किराए के मकान में रह रही थी। परिवार के सपनों को पूरा करने और अपने भविष्य को संवारने आई खुशी को शायद अंदाजा भी नहीं था कि उसकी जिंदगी इतनी जल्दी खत्म हो जाएगी।
घटना के समय खुशी की रूममेट स्वाति घर के काम निपटाने के बाद नहाने गई हुई थी। इसी दौरान एक युवक घर में दाखिल हुआ और उसने खुशी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। कुछ देर बाद जब स्वाति वापस कमरे में पहुंची तो उसकी आंखों के सामने खौफनाक मंजर था। खुशी खून से लथपथ हालत में बिस्तर पर पड़ी थी।
स्वाति ने तुरंत मकान मालिक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद 112 की मदद से खुशी को सुपेला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर, सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी समेत सुपेला और वैशालीनगर थाना पुलिस के अधिकारी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
फोन पर परेशान करता था युवक, नंबर किया था ब्लॉक
खुशी के परिजनों ने एक युवक पर शक जताया है। परिवार का कहना है कि समाज का ही एक युवक लगातार खुशी को फोन करता था। परेशान होकर खुशी ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था। परिजनों के मुताबिक, दो दिन पहले ही उस युवक ने खुशी के भाई को फोन कर उससे शादी कराने की बात कही थी।
खुशी के चचेरे भाई देवकुमार ने बताया कि खुशी करीब दो महीने पहले नर्सिंग की पढ़ाई के लिए भिलाई आई थी। पढ़ाई के साथ-साथ वह वैशालीनगर स्थित एक कैफे में काम करके अपना खर्च भी उठाती थी। परिवार का कहना है कि खुशी ने पहले भी बताया था कि कोई व्यक्ति उसे बार-बार बात करने के लिए परेशान कर रहा है, जबकि वह उससे बात नहीं करना चाहती थी।
सीसीटीवी और कॉल डिटेल से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने जांच की है। मोबाइल जब्त कर जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है। फिलहाल अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।