RAIPUR NEWS: राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और स्पा सेंटरों में नियमों के पालन की जांच के लिए रायपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पश्चिम क्षेत्र की पुलिस की संयुक्त टीम ने विभिन्न इलाकों में संचालित 10 स्पा सेंटरों का औचक निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटरों में कार्यरत कर्मचारियों के पहचान पत्र, आने-जाने वाले ग्राहकों का रिकॉर्ड, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि किसी भी स्पा सेंटर में अवैध या संदिग्ध गतिविधियों का संचालन न हो रहा हो।
निरीक्षण के बाद पुलिस ने सभी संचालकों को कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने, आगंतुकों का रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने और सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा शासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत भी दी गई।
RAIPUR NEWS
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी स्पा सेंटर में नियमों का उल्लंघन या किसी प्रकार की अवैध गतिविधि पाई जाती है, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, स्पा सेंटरों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।