RAIPUR NEWS: रायपुर। राजधानी रायपुर में एक नवजात बच्ची की मौत के बाद गंभीर आरोप सामने आए हैं। परिजनों का दावा है कि मेडिकल स्टोर से खरीदा गया एक्सपायरी डेट वाला मिल्क पाउडर पिलाने के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी जांच का आश्वासन दिया है।
परिजनों ने मेडिकल स्टोर पर लगाए गंभीर आरोप
परिजनों के अनुसार, उन्होंने लक्ष्मी मेडिकल हॉल से नवजात के लिए मिल्क पाउडर खरीदा था। आरोप है कि दूध पिलाने के बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने मिल्क पाउडर की एक्सपायरी डेट की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन मेडिकल स्टोर पहुंचे।
डिब्बा छीनने और दूसरा पैक देने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर मेडिकल स्टोर पहुंचे तो दुकान संचालकों ने कथित तौर पर एक्सपायरी मिल्क पाउडर का डिब्बा अपने कब्जे में ले लिया और उसकी जगह दूसरा डिब्बा देकर जांच कराने की बात कही।
मेकाहारा पहुंची पुलिस, थाने में शिकायत दर्ज
नवजात की मौत के बाद पुलिस मेकाहारा अस्पताल पहुंची। परिजनों ने पूरे मामले की लिखित शिकायत मौदहापारा थाने में दर्ज कराई है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
RAIPUR NEWS: CMHO ने जांच का दिया आश्वासन
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने जांच कराने का आश्वासन दिया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि नवजात की मौत का कारण क्या था और मिल्क पाउडर की गुणवत्ता व एक्सपायरी डेट से जुड़े आरोप कितने सही हैं।