BALOD NEWS बालोद (छत्तीसगढ़): कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम नेवारीकला में दयाबाई की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मृतका की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसी घर में रहने वाली पति की बड़ी पत्नी अमृत बाई ने की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नेवारीकला निवासी चिमनलाल साहू की दो पत्नियां थीं – दया बाई और अमृत बाई, जो एक ही घर में रहती थीं। 29 जून की रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान अमृत बाई ने धारदार हथियार से दया बाई का गला रेतकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी रात में ही घर से निकलकर खेतों में चली गई और खून लगे कपड़े बदलकर अन्य कपड़े पहन लिए। पूरी रात वह खेत में ही रही और अगले दिन सुबह 30 जून को कोतवाली थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस पूछताछ में अमृत बाई ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। बताया गया कि पति का झुकाव दूसरी पत्नी दया बाई की ओर अधिक था, जिससे अमृत बाई लंबे समय से नाराज थी। दोनों के बीच आए दिन विवाद होते थे, जो इस वारदात का कारण बना।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।