Dhamtari News : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक मछली कारोबारी को कुछ बदमाशों ने चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया. जानकारी के मुताबिक, हमलवारों ने कारोबारी के सिर और शरीर पर 40 से अधिक बार चाकू से वार किए. इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. इलाके में भय का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कारोबारी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है. यह पूरी घटना नगरी-गरियाबंद मार्ग पर हुई है.
जांच में जुटी पुलिस
वारदात के दौरान बदमाशों ने कारोबारी के साथ मौजूद उसके साथी चुम्मन यादव की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया. जिसके बाद वह जान बचाकर बोईरगांव की ओर भाग निकले. वहीं अज्ञात हमलावारों ने विपलभ मंडल के शरीर पर चाकू से लगातार हमले किए. आसपास ग्रामीण के अनुसार, यह मामला सुनियोजित लूटपाट या पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है. हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है. वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा.
मृतक कारोबारी के शरीर में चाकू के कई निशान मिले हैं. बताया जा रहा है कि मछली कारोबारी विपलभ मंडल पिछले लगभग 7 से 8 वर्षों से ग्राम बोईरगांव दर्रीपारा जिला के गरियाबंद थाना मैनपुर में रह रहे थे और वो यहां कारोबारी चुम्मन यादव के साथ मछली व्यवसाय करते थे. दोनों सिहावा रोड पर एम एम फीश नाम से दुकान संचालित करते थे. दोनों का रोजाना इसी रास्ते से आना जाना होता था और शनिवार को भी दोनों दुकान बंद कर नगरी से वापस बोईरगांव लौट रहे थे. इसी दौरान गोरेगांव से लगभग 3 किलोमीटर आगे गरियाबंद रोड पर कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और कारोबारी पर 40 से अधिक बार चाकू से वार किए. बदमाशों ने विपलभ मंडल के सिर पर लकड़ी से भी हमला किया.