दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में आइसक्रीम पार्लर और लॉज की आड़ में संचालित किए जा रहे कथित सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित इंद्रा मार्केट में पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए तीन युवतियों, दो ग्राहकों और होटल संचालक सहित दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में पूछताछ जारी है।
रेस्टोरेंट और लॉज की आड़ में चल रहा था कारोबार
जानकारी के अनुसार, इंद्रा मार्केट स्थित जलाराम लॉज के नीचे मिठाई और आइसक्रीम की दुकान संचालित की जा रही थी, जबकि ऊपर के कमरों में कथित तौर पर देह व्यापार का धंधा चल रहा था। पुलिस को इसकी गुप्त सूचना मिलने के बाद एसीसीयू और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा।
रेड में मिले कई लोग, आपत्तिजनक सामान भी बरामद
रविवार दोपहर पुलिस की टीम ने लॉज को चारों ओर से घेरकर तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान तीन युवतियां, दो ग्राहक और होटल से जुड़े दो लोगों को हिरासत में लिया गया। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
सिर्फ पुराने ग्राहकों को मिलती थी एंट्री
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लॉज में किसी भी नए व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाता था। केवल उन्हीं ग्राहकों को अंदर आने की अनुमति थी, जिनके मोबाइल नंबर पहले से संचालकों के पास दर्ज थे। इसी वजह से यह रैकेट लंबे समय तक गुप्त रूप से संचालित होता रहा।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस होटल संचालक, युवतियों और पकड़े गए ग्राहकों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह अवैध कारोबार कब से चल रहा था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका थी। आरोपियों के खिलाफ पीटा एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।