Sakti Crime News: सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जोंगरा गांव में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। दो नकाबपोश बदमाश घर में घुसे और 25 वर्षीय युवती पूर्णिमा चौहान पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पूर्णिमा चौहान पिछले चार वर्षों से स्वामिनी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत थीं। उनकी शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन वैवाहिक संबंध टूटने के बाद वह पिछले दो वर्षों से अपने मायके जोंगरा गांव में रह रही थीं।
Sakti Crime News प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो युवक बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। दोनों ने सफेद गमछे से अपना चेहरा ढका हुआ था। एक आरोपी घर के अंदर गया और पूर्णिमा के बारे में पूछताछ करने लगा, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करता रहा। जैसे ही पूर्णिमा घर से बाहर आई, आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
Sakti Crime News गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन बाहर पहुंचे तो पूर्णिमा खून से लथपथ पड़ी मिली। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
सक्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। कई स्थानों पर नाकेबंदी भी की गई है।
Sakti Crime News
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में भय का माहौल है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान का पता लगाने में जुटी हुई है।