RAIGARH NEWS: रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया सिविल अस्पताल में बवासीर के ऑपरेशन के बाद एक 27 वर्षीय युवक की मौत से विवाद खड़ा हो गया है। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और दोषी डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई, निष्पक्ष जांच तथा मुआवजे की मांग की। वहीं प्रशासन ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।
जानकारी के अनुसार, खरसिया की पुरानी बस्ती निवासी राघवेंद्र मिश्रा ने अपने 27 वर्षीय बेटे तामेश्वर मिश्रा को बवासीर के ऑपरेशन के लिए खरसिया सिविल अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों का कहना है कि युवक की सामान्य स्थिति थी और डॉक्टरों की सलाह पर उसका ऑपरेशन किया जा रहा था।
आरोप है कि सर्जरी के दौरान अचानक युवक की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। हालत गंभीर होने पर अस्पताल प्रबंधन ने उसे बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक एम्बुलेंस से रायगढ़ ले जाते समय चपले क्षेत्र के पास उसकी हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर एसडीएम प्रवीण तिवारी, खरसिया चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया।
एसडीएम प्रवीण तिवारी ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं।
फिलहाल परिजन ऑपरेशन में शामिल चिकित्सकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और आर्थिक मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।