भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से साइबर उत्पीड़न का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने शादी का रिश्ता ठुकराया तो आरोपी युवक ने कथित तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दुरुपयोग कर उसकी और उसके परिवार की जिंदगी परेशान कर दी। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत महिला आयोग में की है, जबकि पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, अशोका गार्डन क्षेत्र की रहने वाली युवती के लिए उसकी बहन ने एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर प्रोफाइल बनाई थी। इसी दौरान राजस्थान के उदयपुर निवासी एक युवक से शादी की बातचीत शुरू हुई। दोनों परिवारों की मुलाकात भी हुई, लेकिन युवक का व्यवहार पसंद नहीं आने पर युवती के परिवार ने रिश्ता आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया।
आरोप है कि शादी से इनकार के बाद युवक ने बदला लेने की नीयत से युवती और उसके परिवार को करीब एक साल तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। युवती के मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से लगातार कॉल आने लगे। इतना ही नहीं, आरोपी ने AI की मदद से युवती की फर्जी तस्वीरें और वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इनमें कथित हनीमून जैसी निजी तस्वीरें भी शामिल थीं।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके नाम से फर्जी गोदभराई के निमंत्रण कार्ड भी छपवाए और कॉलोनी में बंटवा दिए। कार्ड में चांदी का सिक्का मिलने का लालच दिया गया था। इसके अलावा परिवार के पते पर 500 से अधिक टैक्सियां बुक कर दी गईं, जिससे रोजाना कैब चालक घर पहुंचने लगे और परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पीड़ित परिवार ने इस पूरे मामले की शिकायत महिला आयोग से की है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला AI तकनीक के दुरुपयोग का एक गंभीर उदाहरण माना जा रहा है, जहां आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किसी व्यक्ति को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और उसकी छवि खराब करने के लिए किए जाने का आरोप है।