ABHISHEK POREL: कोलकाता। भारतीय क्रिकेट जगत में एक और खिलाड़ी विवादों में घिर गया है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले युवा बल्लेबाज अभिषेक पोरेल के खिलाफ एक युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कर्नाटक की एक मेडिकल छात्रा और उसकी मां ने हुगली जिले के मोगरा थाने में अभिषेक पोरेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अभिषेक पिछले तीन वर्षों से युवती के साथ रिश्ते में थे और उन्होंने शादी का वादा किया था। हालांकि बाद में उन्होंने कथित तौर पर शादी से इनकार कर दिया और दूरी बनानी शुरू कर दी।
शिकायत में केवल शारीरिक शोषण ही नहीं, बल्कि मारपीट और आपराधिक धमकी देने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
हुगली जिले के चंदननगर निवासी 23 वर्षीय अभिषेक पोरेल फिलहाल बेंगलुरु में बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने अभी तक उनसे औपचारिक पूछताछ नहीं की है। वहीं अभिषेक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें निराधार बताया है।
ABHISHEK POREL
अभिषेक पोरेल ने कहा कि वह फिलहाल अपने क्रिकेट करियर पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और मामले की शुरुआती जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत प्रतिक्रिया देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक उनकी पुलिस अधिकारियों से कोई बातचीत नहीं हुई है।
बता दें कि अभिषेक पोरेल घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अपने प्रदर्शन के चलते लगातार चर्चा में रहे हैं। वह इंडिया-ए टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं। आईपीएल में अब तक खेले 35 मुकाबलों में उन्होंने 769 रन बनाए हैं, जिसमें चार अर्धशतक शामिल हैं।