जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल के सदस्य को किया गिरफ्तार
JANJGIR-CHAMPA: जांजगीर-चांपा। जिले की पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल से जुड़े होने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से मिले इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर उसके पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से संपर्क में होने का दावा किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह (23) पिता बलविंदर सिंह, निवासी पट्टी, थाना पट्टी, जिला तरनतारन (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले कुछ समय से जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र में रह रहा था।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। इनमें व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉलिंग रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डेटा शामिल हैं। जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी का संपर्क पाकिस्तान, सऊदी अरब और मैक्सिको के विभिन्न मोबाइल नंबरों के माध्यम से संदिग्ध व्यक्तियों से था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी भारत की महत्वपूर्ण लोकेशन और संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान भेजने का काम करता था। जांच में यह भी सामने आया है कि उसे पाकिस्तान की ओर से हथियार उपलब्ध कराने के बाद कुछ विशेष लक्ष्यों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस और संबंधित एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर रही हैं तथा उसके नेटवर्क और अन्य संभावित संपर्कों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है।