अंबिकापुर/सरगुजा। सरगुजा जिले के अंबिकापुर निवासी लाल विजय श्रीवास्तव ने एक अनोखी उपलब्धि हासिल करते हुए अपना नाम अमेरिका बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करा लिया है। उन्होंने 12 मिनट 54 सेकंड तक लगातार खुली आंखों से सूर्य को देखकर यह रिकॉर्ड बनाया है।
लाल विजय श्रीवास्तव इससे पहले भी 12 मिनट 52 सेकंड तक सूर्य को लगातार देखकर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा चुके हैं।
योग और आत्म-नियंत्रण से संभव हुआ रिकॉर्ड
लाल विजय श्रीवास्तव का कहना है कि उन्होंने यह उपलब्धि योग और आत्म-नियंत्रण के माध्यम से हासिल की है। उनके अनुसार नियमित अभ्यास के जरिए उन्होंने अपने मन और आंखों पर नियंत्रण करना सीखा, जिससे यह असाधारण प्रदर्शन संभव हो सका।
लगातार बढ़ा रहे हैं रिकॉर्ड
जानकारी के अनुसार लाल विजय श्रीवास्तव ने पहले 12 मिनट 53 सेकंड तक सूर्य को निहारकर रिकॉर्ड बनाया था, जिसके बाद उन्होंने समय बढ़ाते हुए 12 मिनट 54 सेकंड तक यह उपलब्धि हासिल की और अमेरिका बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान प्राप्त किया।
उनका कहना है कि वह आगे भी लगातार नए रिकॉर्ड बनाते रहेंगे और गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराने का लक्ष्य रखते हैं।
सांसद ने दी शुभकामनाएं
इस उपलब्धि पर सरगुजा के सांसद चिंतामणि महाराज ने भी लाल विजय श्रीवास्तव को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि योग और आत्म-अनुशासन का परिणाम है और आगे भी उन्हें ऐसे ही नए कीर्तिमान स्थापित करने की प्रेरणा मिलती रहेगी।