Chhattisgarh Schools Reopen रायपुर। छत्तीसगढ़ में ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के साथ ही 16 जून 2026 से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होने जा रही है। लोक शिक्षण संचालनालय ने निर्देश जारी करते हुए प्रदेश की सभी शासकीय एवं अशासकीय शालाओं को निर्धारित तिथि से नियमित रूप से संचालित करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए उपस्थिति एवं अवकाश संबंधी नियमों को और अधिक सख्त बनाया गया है।
पहले दिन से नियमित पढ़ाई
विभागीय आदेश के अनुसार स्कूल खुलने के पहले ही दिन से निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को समय का पालन सुनिश्चित करना होगा। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक गतिविधियों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।.
/filters:format(webp)/sootr/media/media_files/2026/06/12/school-open-16-june-2026-dpi-order-2026-06-12-17-44-30.jpg)
VSK ऐप से दर्ज होगी उपस्थिति
नए सत्र से स्कूलों के सभी कर्मचारियों को अपनी उपस्थिति विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) द्वारा विकसित मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज करनी होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐप में उपस्थिति दर्ज नहीं होने की स्थिति में संबंधित कर्मचारी अनुपस्थित माना जाएगा। ऐसी स्थिति में जून माह के वेतन पर भी प्रभाव पड़ सकता है।
कार्यालयों में बायोमेट्रिक हाजिरी अनिवार्य
शिक्षा विभाग के कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली (AEBAS) के माध्यम से हाजिरी दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। निर्धारित व्यवस्था का पालन नहीं करने पर वेतन भुगतान प्रभावित हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारी की होगी।
ऑनलाइन ही करना होगा अवकाश आवेदन
विभाग ने अवकाश स्वीकृति प्रक्रिया को भी पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब शिक्षक एवं कर्मचारी ऑफलाइन आवेदन प्रस्तुत नहीं कर सकेंगे। सभी अवकाश आवेदन विभागीय HRMIS पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। किसी भी अधिकारी द्वारा ऑफलाइन अवकाश स्वीकृत किए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
शिक्षा विभाग का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य शालाओं और कार्यालयों में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा समयबद्ध कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना है।