जोधपुर। विवाह कराने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में देवनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुल्हन सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर शादी का झांसा देकर नकदी और जेवरात ऐंठने तथा बाद में युवती को ससुराल से वापस बुलाकर फरार कराने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार सुरसागर निवासी एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसके साले का विवाह कराने के नाम पर आरोपियों ने 2.70 लाख रुपये की मांग की थी। परिचित बाबूलाल चौहान के माध्यम से उसकी मुलाकात नरपतसिंह से हुई, जिसने श्रीगंगानगर निवासी कविता सोनी से विवाह कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद आरोपियों ने विभिन्न किश्तों में नकद राशि प्राप्त की और जनवरी 2026 में जोधपुर में कोर्ट मैरिज तथा आर्य समाज के माध्यम से विवाह संपन्न कराया।
रिपोर्ट के अनुसार विवाह के कुछ दिनों बाद कविता सोनी अपने घर श्रीगंगानगर जाने की बात कहकर चली गई। आरोप है कि इसके बाद उसने और उसके सहयोगियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर पीड़ित पक्ष से और रुपये मांगने शुरू कर दिए। जब पीड़ित परिवार उसे वापस लाने श्रीगंगानगर पहुंचा तो उसने जोधपुर लौटने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने देवनगर थाने में मामला दर्ज कराया।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने रेखा सोनी, कविता सोनी, बाबूलाल चौहान और नरपतसिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।
प्रारंभिक जांच में विवाह के नाम पर ठगी के अन्य मामलों के भी सामने आने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने इसी तरह कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।