Attack On Raipur Police: रायपुर/कौशांबी । गांजा तस्करी के एक फरार आरोपी को पकड़ने उत्तरप्रदेश के कौशांबी पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। देर रात हुए इस हिंसक हमले में रायपुर के गंज थाना में पदस्थ एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी के परिजनों और समर्थकों ने पुलिस टीम को देखकर “चोर-चोर” का शोर मचाया, जिसके बाद उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
Attack On Raipur Police: जानकारी के मुताबिक रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में दर्ज गांजा तस्करी के मामले में विशेष न्यायालय ने आरोपी शिवम केशरवानी और आकाश उर्फ मास्टर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। वारंट तामील कराने रायपुर पुलिस की पांच सदस्यीय टीम उत्तरप्रदेश के कौशांबी जिले पहुंची थी।
Attack On Raipur Police: पुलिस टीम ने पहले आरोपी आकाश को सिराथू क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम दूसरे वारंटी शिवम केशरवानी को पकड़ने के लिए इचौली गांव पहुंची। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान शिवम के परिजनों और समर्थकों ने पुलिस टीम को देखकर “चोर-चोर” चिल्लाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही मिनटों में भीड़ उग्र हो गई और पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला करया। हमले में छत्तीसगढ़ पुलिस के कांस्टेबल जगदेव प्रसाद वर्मा के सिर पर गंभीर चोट लगी। घायल जवान को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कौशांबी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद समेत करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अब तक विजय केसरवानी, संदीप मिश्रा, शिवराज, दुर्गाप्रसाद, शिव बाबू और सरोज को आरोपी बनाया गया है।
Attack On Raipur Police:
फिलहाल फरार वारंटी शिवम केशरवानी और हमले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। छत्तीसगढ़ पुलिस पर हुए इस हमले ने कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।