
– बाइक सवार तीन नकाबपोश आरोपितों ने वारदात को दिया अंजाम – अग्रसेन चौक से रकम लेकर टाटीबंध लौट रहे थे मैनेजर – शहरभर में नाकेबंदी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शनिवार शाम डीडी नगर थाना क्षेत्र में गैस एजेंसी के मैनेजर से 10 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने डगनिया बाजार के पास कार रुकवाकर मैनेजर के साथ मारपीट की और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शहरभर में नाकेबंदी कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार महोबा बाजार निवासी श्रवण साहू एक गैस एजेंसी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार को वह एजेंसी के भुगतान की राशि लेने अग्रसेन चौक स्थित कार्यालय पहुंचे थे। वहां से करीब 10 लाख रुपये लेकर अपनी कार से टाटीबंध स्थित मुख्य कार्यालय लौट रहे थे।
इसी दौरान डगनिया बाजार के पास एक बाइक पर सवार तीन युवक उनकी कार के सामने आ गए। आरोपितों ने कार रुकवाने के बाद श्रवण साहू के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, एक बदमाश कार के भीतर रखा नकदी से भरा बैग उठाकर फरार हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपित बाइक से तेजी से भाग निकले।
पहले से रेकी की आशंका…
पुलिस प्रारंभिक जांच में यह भी मानकर चल रही है कि आरोपितों को नकदी ले जाने की पूर्व जानकारी थी। जिस तरह से बदमाश सीधे कार तक पहुंचे और रकम से भरा बैग लेकर फरार हुए, उससे रेकी किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कहीं किसी अंदरूनी व्यक्ति ने आरोपितों को सूचना तो नहीं दी थी।
स्कार्फ से ढंका था चेहरा…
पीड़ित श्रवण साहू ने पुलिस को बताया कि तीनों बदमाशों ने अपना चेहरा स्कार्फ से ढंक रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। घटना इतनी तेजी से हुई कि वह आरोपितों की उम्र और अन्य हुलिए के बारे में भी ज्यादा जानकारी नहीं दे सके।
मौके पर पहुंची पुलिस, खंगाले जा रहे सीसीटीवी…
घटना की सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना प्रभारी गौतम गावड़े पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और निकास बिंदुओं पर नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का दावा, जल्द पकड़ेंगे आरोपित…
डीडी नगर पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज जुटाए जा रहे हैं। आरोपितों के भागने के संभावित रूट की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर जल्द ही लूट की इस वारदात का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।